विभिन्न योगासनों का कराया जा रहा नियमित अभ्यास
जिलेभर में चल रहे योग प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जिलेभर में योग संबंधी गतिविधियों एवं अभ्यास सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के मार्गदर्शन में सभी आयुष आरोग्य मंदिरों में ऑनलाइन योग प्रोटोकॉल का नियमित प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के प्रमुख स्थलों पर प्रतिदिन योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 1 जून से जिला अधिकारी माहिष्मती घाट मंदिर परिसर में नियमित योग अभ्यास कर रहे हैं।
योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। योग दिवस के पूर्व जिले में विभिन्न योगासनों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है, जिनमें ताड़ासन, त्रिकोणासन, वृक्षासन, भुजंगासन, गोमुखासन, वज्रासन, मकरासन, धनुरासन, नौकासन, सूर्य नमस्कार तथा प्राणायाम आदि शामिल हैं। भारत सरकार ने योग के माध्यम से विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में भागीदारी करने और अपने परिवार एवं परिचितों को भी योग से जोड़ने की अपील की गई है।
नियमित योगाभ्यास शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। योग तनाव को कम करने, शरीर को स्वस्थ रखने तथा सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से ‘‘घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग’’ के संदेश के साथ जिलेभर में योग जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। आयुष विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए समय निकालें और स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
वृक्षासन योग का एक संतुलन बनाने वाला आसन है
करने की विधि
1. सीधे खड़े हो जाएँ।
2. दाएँ पैर पर संतुलन बनाते हुए बाएँ पैर को उठाकर दाईं जांघ के अंदर रखें।
3. दोनों हाथों को नमस्कार मुद्रा में सिर के ऊपर ले जाएँ।
4. सामने एक बिंदु पर ध्यान रखें और सामान्य श्वास लेते रहें।
5. 20-30 सेकंड रुकें, फिर दूसरी तरफ़ दोहराएँ।
लाभ
शरीर का संतुलन बेहतर होता है। पैरों और रीढ़ की मजबूती बढ़ती है। एकाग्रता और मानसिक शांति मिलती है। मुद्रा सुधरती है।
सावधानियाँ
’ घुटने या टखने में चोट हो तो सावधानी रखें। शुरुआत में दीवार का सहारा ले सकते हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of Ayush, Madhya Pradesh
5 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jun 16, 2026