साईं कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में मनाया गया ‘माता-पिता के चरणों में चारधाम’ कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने किया माता-पिता का पूजन
मऊ। माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सेवा भाव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिकटिया स्थित साईं कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में ‘माता-पिता के चरणों में चारधाम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान डी.फार्मा, बी.फार्मा प्रथम वर्ष और नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का विधि-विधान से पूजन-वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंडित जय गोविंद मिश्रा, पूर्व प्रधानाचार्य, इंटर कॉलेज कुशीनगर रहे। समारोह में प्रकाश ग्रुप के संस्थापक प्रकाश चंद्र राय एवं इंदु देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय, डॉ. मनीष कुमार राय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कोपागंज सर्वेश राय, कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय और निदेशक डॉ. प्रमोद मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के चरणों में पुष्प अर्पित कर उनका पूजन किया और आशीर्वाद लिया। अभिभावकों ने भी बच्चों को स्नेह और शुभकामनाएं दीं। विशेष बात यह रही कि प्रकाश चंद्र राय, इंदु देवी, मनोज कुमार राय, डॉ. मनीष कुमार राय, सर्वेश राय और कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने भी अपने माता-पिता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि पंडित जय गोविंद मिश्रा ने कहा कि माता-पिता जीवन के प्रथम गुरु और सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना प्रत्येक संतान का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने और माता-पिता के प्रति सदैव कृतज्ञ रहने की अपील की।
प्रकाश ग्रुप के संस्थापक प्रकाश चंद्र राय ने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने शिक्षा के साथ भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया। वहीं, डॉ. मनीष कुमार राय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राय ने विद्यार्थियों को माता-पिता के त्याग और योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा दी।
कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ नैतिक एवं पारिवारिक मूल्यों का ज्ञान भी जरूरी है। निदेशक डॉ. प्रमोद मौर्य ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने समाज को यह प्रेरणादायक संदेश दिया कि माता-पिता के चरणों में ही चारों धाम का वास है और उनकी सेवा-सम्मान से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।
#maunews #newsfeed #saicollegeofpharmecy