साईं कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग, सिकटिया, मऊ में “माता-पिता के चरणों में चारधाम” कार्यक्रम आयोजित
मऊ। माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिकटिया स्थित साईं कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में “माता-पिता के चरणों में चारधाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डी.फार्मा, बी.फार्मा प्रथम वर्ष और नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का पूजन-वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंडित जय गोविंद मिश्रा, पूर्व प्रधानाचार्य, इंटर कॉलेज, कुशीनगर रहे। इस अवसर पर प्रकाश ग्रुप के संस्थापक प्रकाश चंद्र राय एवं इंदु देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय, डॉ. मनीष कुमार राय (निदेशक, प्रकाश हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर एवं क्रिम्स मेडिकल कॉलेज, मऊ), पूर्व ब्लॉक प्रमुख कोपागंज सर्वेश राय, कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय तथा निदेशक डॉ. प्रमोद मौर्य सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के चरणों में पुष्प अर्पित कर उनका पूजन किया और आशीर्वाद लिया। अभिभावकों ने भी बच्चों को स्नेहपूर्वक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रकाश चंद्र राय, इंदु देवी, मनोज कुमार राय, डॉ. मनीष कुमार राय, सर्वेश राय और कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने भी अपने माता-पिता का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।मुख्य अतिथि पंडित जय गोविंद मिश्रा ने कहा कि माता-पिता जीवन के प्रथम गुरु और सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना प्रत्येक संतान का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने और माता-पिता के प्रति सदैव कृतज्ञ रहने का आह्वान किया। प्रकाश ग्रुप के संस्थापक प्रकाश चंद्र राय ने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने कहा कि शिक्षा के साथ भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों को अपनाना भी आवश्यक है। डॉ. मनीष कुमार राय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राय ने भी विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों के त्याग और योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा दी। कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ नैतिक और पारिवारिक मूल्यों का ज्ञान भी जरूरी है। निदेशक डॉ. प्रमोद मौर्य ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण, कर्मचारी, डी.फार्मा, बी.फार्मा प्रथम वर्ष और नर्सिंग के विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजन ने माता-पिता के प्रति प्रेम, सम्मान और सेवा का संदेश दिया।