एचआईवी, एड्स के प्रति जागरूकता के लिए पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में अभियान आयोजित
#SewaSankalpAbhiyan के अंतर्गत ‘मेरी सेवा, मेरा योगदान’ थीम पर शासकीय पोलीटेक्निक महाविद्यालय, मुरैना एवं मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, जिला मुरैना द्वारा एचआईवी, एड्स जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव, जांच, उपचार तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने की। जिला चिकित्सालय की आईसीटीसी परामर्शदात्री श्रीमती शिल्पी गुप्ता एवं एसटीआई परामर्शदाता श्री अतुल राठौर ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के प्रमुख माध्यमों, सुरक्षित व्यवहार तथा समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचआईवी संक्रमित रक्त, संक्रमित सुई एवं सिरिंज के उपयोग, असुरक्षित यौन संबंध तथा संक्रमित माता से शिशु में संक्रमण के माध्यम से फैल सकता है।
उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमण के प्रति सही जानकारी और समय पर जांच संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विद्यार्थियों को बताया गया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एचआईवी की जांच निःशुल्क उपलब्ध है तथा एचआईवी, एड्स से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने कहा कि अधूरी जानकारी और भ्रांतियां युवाओं को जोखिम में डाल सकती हैं। एचआईवी, एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही इससे प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव समाप्त करना भी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने, समय पर जांच कराने तथा समाज में एचआईवी, एड्स के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में संस्था के नोडल अधिकारी श्री कपिल राजे सहित शिक्षकगण, अतिथि शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी श्री दिलीप गांगिल ने आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh
25 views | Morena, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026