#SewaSankalpAbhiyan के तहत रिठोनिया में हुआ आंगन मिलन कार्यक्रम
रासेयो स्वयंसेवकों ने आंगनबाड़ी केन्द्र को गोद लेकर बच्चों को वितरित किया पोषण आहार एवं पठन सामग्री
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत गोद ग्राम रिठोनिया में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र से जुड़े बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं, हितग्राहियों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में आचार्य नरेन्द्र देव कॉलेज, कैलारस के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह राठौड़ सहित महाविद्यालयीन स्टाफ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। इस दौरान स्वयंसेवकों ने बच्चों एवं ग्रामीणों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने स्थानीय आंगनबाड़ी केन्द्र को गोद लेते हुए बच्चों को पोषण स्वल्पाहार एवं पठन सामग्री वितरित की। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह राठौड़ ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं समग्र विकास के लिए संतुलित पोषण के साथ शिक्षा भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्र आने, पौष्टिक आहार ग्रहण करने तथा पढ़ाई के प्रति रुचि बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों से जुड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र को गोद लेकर बच्चों के बीच पहुंचना सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा हितग्राहियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। गर्भवती एवं धात्री माताओं सहित अन्य हितग्राहियों को आंगनबाड़ी केन्द्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
आंगन मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों से हितग्राहियों एवं समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के साथ ही शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा एवं पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, पोषण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
Morena, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026