शिवपुरी में राशन में गड़बड़ी पर कलेक्टर सख्त, 6 राशन विक्रेता गए जेल, अवैध अतिक्रमण भी ध्वस्त
शिवपुरी- कलेक्टर अर्पित वर्मा ने राशन वितरण में गड़बड़ी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले में 6 राशन विक्रेताओं को जेल भेजा गया है।
कोलारस में समीक्षा के दौरान बामोरखुर्द के विक्रेता माधौ सिंह यादव, श्रीपुरा के धनपाल सिंह और अकोदा के गोलू लोधी की दुकानों में POS मशीन में एंट्री तो मिली लेकिन मौके पर राशन नहीं मिला। इस पर तीनों को जेल भेजा गया।
वहीं पिछोर अनुभाग में निवोदा के पुष्पेंद्र, सिनावलकलां के भगवानलाल और बघावारा के सतेंद्र को भी अनियमितता पर जेल भेजा गया है।
इसके अलावा बड़ोखरा में 3 माह से राशन न देने की शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश पर सेल्समैन के शासकीय जमीन पर बने अवैध मकान को JCB से ध्वस्त कर दिया गया।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को हर उचित मूल्य दुकान की सघन निगरानी कर गरीबों का राशन हड़पने वालों पर सीधे जेल भेजने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।