#बालाघाट
जनसुनवाई में सुनी गईं आवेदकों की समस्याएं
120 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए
बालाघाट, 03 नवंबर 2026। प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 03 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन एवं संयुक्त कलेक्टर श्री सुधीर जैन ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 120 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई में बैहर विकासखंड के ग्राम पाथरी के आमाटोला की बैगा जनजाति की महिलाएं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क ग्राम माडे से अपने गांव तक आने-जाने के लिए सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग लेकर आई थीं। इन महिलाओं ने गांव में आंगनवाड़ी की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कलेक्टर श्री आदित्य सिंह को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उनके लिए सड़क और पुलिया बनाना बहुत जरूरी है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने बैगा महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनके गांव तक सड़क निर्माण के साथ ही पुलिया का काम भी कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आमाटोला में आंगनवाड़ी भी स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने बैगा महिलाओं से कहा कि वे स्वयं भी उनके गांव आएंगे और सुनिश्चित करेंगे कि उनकी समस्या का समाधान हो जाए। बैगा महिलाएं कलेक्टर श्री सिंह के इस आश्वासन से बहुत खुश हुईं और कहा कि वे उनके गांव जरूर आएं। कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री को मौके पर ही निर्देश दिए कि स्थल निरीक्षण कर पुलिया एवं सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करें।
जनसुनवाई में किरनापुर के ग्राम बूढ़ी निवासी ओमप्रकाश बिसेन धान पंजीयन नहीं होने की शिकायत लेकर आए थे। ओमप्रकाश का कहना था कि उनका सेवा सहकारी समिति मोहगांव में पंजीयन नहीं हो पाया है, जबकि समिति से 100 नाम भिजवाए गए थे, जिसमें उनका नाम भी शामिल था। किंतु फिर भी उनका पंजीयन नहीं हो पाया है। ऐसे में वे अपने खेत का धान विक्रय नहीं कर पाएंगे। अतः पंजीयन में हो रही समस्या का शीघ्र निराकरण कराया जाए। इस प्रकरण में जिला आपूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर किसान ओमप्रकाश बिसेन का पंजीयन शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।
वारासिवनी तहसील के ग्राम डोके निवासी राकेश बिसेन पैतृक भूमि पर अनावश्यक रूप से धार्मिक स्थल का निर्माण किए जाने की शिकायत लेकर आए थे। राकेश का कहना था कि उनकी पैतृक भूमि के सामने महेंद्र बिसेन द्वारा ग्रामीणों के साथ मिलकर धार्मिक स्थल का निर्माण किया जा रहा है। राकेश ने बताया कि भविष्य में वे उस जमीन पर गृह निर्माण या किसी प्रकार का व्यवसाय कर सकते हैं, लेकिन धार्मिक स्थल का निर्माण हो जाने से उन्हें अपनी पैतृक जमीन पर आने-जाने में समस्या होगी। अतः राकेश ने अपनी पैतृक जमीन पर धार्मिक स्थल का निर्माण नहीं किए जाने की मांग की है। इस प्रकरण में एसडीएम वारासिवनी को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
बालाघाट तहसील के ग्राम चिचगांव की निवासी रामबती बघेल धान पंजीयन नहीं होने की शिकायत लेकर आई थीं। उन्होंने अपने आधार कार्ड से अपना नया मोबाइल नंबर अपडेट कर दिया है। इसके बावजूद पंजीयन के दौरान ओटीपी उनके पुराने नंबर पर ही जा रहा है, जो उनके पास मौजूद नहीं है। रामबती ने बताया कि पंजीयन नहीं होने से वे बहुत अधिक परेशान हैं। अतः इस समस्या का शीघ्र निराकरण कराया जाए। इस प्रकरण में जिला आपूर्ति अधिकारी को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
वारासिवनी तहसील के वार्ड क्रमांक 07 निवासी दुर्गेश देव्हारे सिविल अस्पताल वारासिवनी में नल एवं बिजली फिटिंग के कार्य के बिलों का भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत लेकर आए थे। दुर्गेश का कहना था कि उन्होंने एक वर्ष पूर्व सिविल अस्पताल वारासिवनी में नल एवं बिजली फिटिंग का कार्य किया था, जिसकी मजदूरी राशि का बिल वे सिविल अस्पताल वारासिवनी में जमा कर चुके हैं, किंतु अब तक उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। अतः एक वर्ष से लंबित मजदूरी का भुगतान शीघ्र कराया जाए। इस प्रकरण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बालाघाट तहसील अंतर्गत ग्राम कोसमी के वार्ड क्रमांक 11 के वार्डवासी वार्ड में पक्की सड़क, नाली निर्माण एवं विद्युत व्यवस्था नहीं होने की शिकायत लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में पक्की सड़क नहीं होने से उन्हें बारिश के दिनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत पोल नहीं होने से रात में अंधेरा बना रहता है। इसके साथ ही नाली निर्माण नहीं होने से गंदे पानी की निकासी में भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अतः समस्या का शीघ्र निराकरण कराया जाए। इस प्रकरण में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), बालाघाट को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
जनसुनवाई में बालाघाट तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत धनसुआ के ग्राम ओदा के विजेश वल्के अपनी जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत लेकर आए थे। विजेश ने बताया कि ग्राम ओदा में उनका परिवार पिछले तीन पीढ़ियों से रह रहा है, जिसके संबंध में उन्हें पंचायत द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र भी मिला हुआ है। बावजूद इसके, उनके घर के पीछे रहने वाले एक अन्य व्यक्ति द्वारा उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। विजेश ने अनावेदक से अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में बालाघाट तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बालाघाट तहसील अंतर्गत वार्ड क्रमांक 02 मगरदर्रा निवासी कुसनलाल हरिनखेड़े जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने के बावजूद अब तक प्रमाण पत्र नहीं दिए जाने की शिकायत लेकर आए थे। कुसनलाल ने बताया कि उन्होंने 25 सितंबर 2026 को आवश्यक दस्तावेज एवं शपथ पत्र के साथ आवेदन प्रस्तुत किया था, किंतु अब तक उन्हें जन्म प्रमाण पत्र प्रदान नहीं किया गया है। इससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अतः उन्होंने शीघ्र जन्म प्रमाण पत्र दिलाए जाने की मांग की है। इस प्रकरण में बालाघाट तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
किरनापुर तहसील के ग्राम करियादंड के वार्ड क्रमांक 01 की निवासी आंचल बिबिनाके आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर मेरिट सूची में प्रथम स्थान पर नाम आने के बावजूद चयनित नहीं किए जाने की शिकायत लेकर आई थीं। आंचल ने बताया कि आंगनवाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया की अंतिम सूची में उनका नाम प्रथम स्थान पर है, इसके बावजूद उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को नियुक्त कर दिया गया है। अतः उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस प्रकरण में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसुनवाई में बालाघाट तहसील अंतर्गत ग्राम टेकाड़ी निवासी रेशमी उइके जंगली जानवर के हमले में पिता की मृत्यु के बाद बेटी को शासन से मिलने वाली सहायता राशि दिलाए जाने की मांग लेकर आई थीं। रेशमी ने बताया कि 4 मार्च 2024 को उनके पिता गोकुल प्रसाद उइके ग्राम नगझर वन बीट के जंगल में लापता हो गए थे। बाद में उनके कपड़े, मानव खोपड़ी और हड्डियां बरामद हुई थीं। इस मामले में कटंगी थाने में मर्ग कायम किया गया था, लेकिन अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है। अतः रेशमी ने प्रकरण की जांच कर शीघ्र सहायता राशि दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में वनमंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
लांजी तहसील के ग्राम टेकरी की निवासी रेखा रुदंला स्वामित्व योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आई थीं। रेखा का कहना था कि ड्रोन सर्वे के प्रथम सर्वे में खसरा नंबर 22/4, भाग संख्या 5 में उनका नाम दर्ज था, लेकिन वर्तमान ऑनलाइन भू-अभिलेख में उनका नाम प्रदर्शित नहीं हो रहा है। इस संबंध में तहसीलदार लांजी को आवेदन देने के बाद पटवारी द्वारा जांच प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जा चुका है, बावजूद इसके समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। अतः उन्होंने भू-अभिलेख में नाम दर्ज कराकर स्वामित्व योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में तहसीलदार लांजी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp