बीकानेर फल-सब्जी मंडी में बदलाव की नई शुरुआत, एक महीने में हुए कई सराहनीय कार्य
नव निर्वाचित अध्यक्ष मुकुल झाम्ब की पहल से मंडी में दिखने लगा सकारात्मक बदलाव, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को मिली प्राथमिकता
बीकानेर। बीकानेर की फल-सब्जी मंडी में नव निर्वाचित अध्यक्ष मुकुल झाम्ब के नेतृत्व में बदलाव की नई शुरुआत देखने को मिल रही है। पिछले एक महीने के दौरान मंडी परिसर में स्वच्छता, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कार्य करवाए गए हैं। इन प्रयासों से मंडी में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।
सचिव, कृषि उपज मंडी (फल-सब्जी) के सहयोग से वर्षों से मंडी के पिछले हिस्से में जमा कचरे की सफाई करवाई गई। इस अभियान के तहत लगभग 150 से 200 ट्रॉली से अधिक कचरा हटाया गया। वहीं दुकान नंबर 21 के सामने लंबे समय से जमा मिट्टी के ढेर को भी हटवाकर रास्ते को साफ-सुथरा बनाया गया।
इसके अलावा नगर निगम के सहयोग से मंडी के बाहर भी व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। मंडी के मुख्य द्वार को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे मंडी का स्वरूप पहले की तुलना में अधिक सुंदर और व्यवस्थित नजर आने लगा है।
इन कार्यों को केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं माना जा सकता, बल्कि यह मंडी की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव और नई सोच का संकेत है। लंबे समय से जिन समस्याओं की ओर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, उन पर अब पहल होती दिखाई दे रही है।
मंडी से जुड़े व्यापारियों और लोगों को उम्मीद है कि अध्यक्ष मुकुल झाम्ब के नेतृत्व में आगामी 18 महीनों के दौरान विकास के कई बड़े कार्य होंगे। स्वच्छता, बेहतर व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ बीकानेर की फल-सब्जी मंडी प्रदेश की आदर्श मंडियों में अपनी पहचान स्थापित कर सकेगी।
फिलहाल एक महीने के प्रयासों ने मंडी में बदलाव की उम्मीद जगा दी है। अब सभी की निगाहें आने वाले समय में होने वाले विकास कार्यों पर टिकी हैं।