राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के माननीय मंत्री सह बांका जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार, बांका में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय सांसद, बांका श्री गिरधारी यादव, माननीय विधायक, बांका श्री राम नारायण मंडल, माननीय विधायक, कटोरिया श्री पूरनलाल टुडू, माननीय विधायक, अमरपुर श्री जयंत राज कुशवाहा, माननीय विधायक, बेलहर श्री मनोज यादव, माननीय विधायक धोरैया श्री मनीष कुमार,सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधीक्षक ,बांका ,उपविकास आयुक्त सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
समीक्षा के क्रम में खनन विभाग, पथ निर्माण विभाग, विद्युत विभाग तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक के दौरान विशेष रूप से खनन विभाग से जुड़े मामलों पर गंभीर चर्चा हुई। अंचल स्तर से प्राप्त कुछ शिकायतों एवं मामलों को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने संबंधित प्रकरणों की निष्पक्ष जांच के लिए संयुक्त टीम गठित कर जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन एवं अन्य अनियमितताओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
बैठक में समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं, आधारभूत संरचना, पेयजल, सड़क, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न मांगों को भी रखा गया। प्रभारी मंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अगली जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक से पूर्व सभी लंबित मामलों का निष्पादन कर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल ने प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों एवं बैठक में उठाए गए बिंदुओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम जनता को योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
#जिला_प्रशासन_बांका
#बांका
#जिला_कार्यक्रम_कार्यान्वयन_समिति
#प्रभारी_मंत्री
#विकास_समीक्षा
#सुशासन
#जनहित
#बिहार_सरकार
#Banka
#DistrictAdministrationBanka
#GoodGovernance
#Development
#BiharGovernment
#PublicService
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Banka, Bihar | Jun 28, 2026