वाहन चोरों की पूरी ‘पार्किंग’ पकड़ लाई पुलिस..
तीन सप्ताह में बरामद किए 21 चोरीशुदा वाहन; 16 बाइक, 3 ऑटो, स्कूटी के साथ JCB मशीन भी मिली
फरीदाबाद। AVTS-2 भूपानी की टीम ने पिछले तीन सप्ताह में वाहन चोरी करने वाले पांच अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश कर 11 आरोपियों को काबू किया है। उनकी निशानदेही पर 16 मोटरसाइकिल, तीन ऑटो, एक स्कूटी और एक JCB मशीन समेत कुल 21 चोरीशुदा वाहन बरामद हुए हैं।
ACP क्राइम अमन यादव ने बताया कि वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान मिले सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। पूछताछ के बाद आरोपियों से जुड़े अन्य ठिकानों से चोरी के वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, साहिल-धीरेंद्र गिरोह से तीन बाइक, राहुल-आमिर गिरोह से एक JCB और एक बाइक, फैसल-मुफीद-रशीद गिरोह से चार बाइक व एक ऑटो बरामद हुआ। फैजल-मोशिम गिरोह से तीन बाइक तथा फज्जर गिरोह से चार बाइक और एक स्कूटी मिली। अन्य मामलों में चार आरोपियों से दो ऑटो और एक बाइक बरामद की गई।
पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ यह पता लगा रही है कि चोरी के वाहन कहां और किन लोगों को बेचे जाते थे। इंजन और चेसिस नंबरों का रिकॉर्ड से मिलान कर कानूनी प्रक्रिया के बाद वाहन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जाएंगे।