सतना। 17 सितंबर को परशुराम कल्याण बोर्ड एवं समस्त ब्राह्मण समाज तथा सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में विशाल शंखनाद वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है
आज सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान परशुराम कल्याण बोर्ड के महाकौशल प्रांत प्रभारी पंडित रविकांत तिवारी जी ने रैली की जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल वाहन रैली में जिले के समस्त नागरिकों एवं समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि रैली 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे होटल रिवर व्यू, बाईपास से प्रारंभ होगी। रैली बाईपास से होते हुए स्टेशन रोड के रास्ते धवारी स्थित भगवान परशुराम मंदिर पहुंचेगी, जहां रैली का समापन किया जाएगा।
रैली का मुख्य उद्देश्य समाज को जागरूक करना तथा परशुराम कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। साथ ही समाज को संगठित एवं जागरूक करने का संदेश भी रैली के माध्यम से दिया जाएगा।
रैली को सफल बनाने के लिए समाज के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं तथा जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रैली को सफल बनाने की अपील की गई है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जयप्रकाश शर्मा गुड्डा, अवनीश शर्मा, विपिन द्विवेदी, धीरू मिश्रा, सागर शुक्ला, नितिन द्विवेदी, नारायण तिवारी, विपिन त्रिपाठी मनोज दुबे देवेंद्र तिवारी शिव सागर मिश्रा, हिमांशु तिवारी, सचिन पाण्डेय, आनंद पाण्डेय एवं अनुज त्रिपाठी सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे।