सारण में दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सारण पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और विधि-व्यवस्था बनी रहे।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, नियमित गश्ती करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
सारण पुलिस की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना तथा श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखना है।
Chapra, Saran | Oct 18, 2026