अंगद हनुमान किला मंदिर में नवाह यज्ञ में शामिल हुए जदयू नेता श्रीनिवास मिश्रा
सीतामढ़ी। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता श्रीनिवास मिश्रा ने कुम्मा बाजार स्थित ऐतिहासिक अंगद हनुमान किला मंदिर पहुंचकर चल रहे नौ दिवसीय श्री सीताराम नाम महायज्ञ में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने यज्ञ में आहुति अर्पित की तथा मंदिर परिसर में मौजूद साधकों से मुलाकात कर उनसे अंतरंग बातचीत की।
अंगद हनुमान किला मंदिर सीतामढ़ी से जनकपुरधाम के बीच आने-जाने वाले तीर्थयात्रियों, श्रद्धालुओं एवं साधु-संतों के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव स्थल के रूप में जाना जाता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संन्यासियों के ठहरने के साथ उनकी सेवा-सुश्रूषा की व्यवस्था भी की जाती है।
बताया जाता है कि पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रतिभा सिंह के आर्थिक सहयोग से साहू रामबहादुर शरण ने इस मंदिर की स्थापना कराई थी। वर्तमान में उनके पुत्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता साहू मायाशंकर शरण के सानिध्य में नौ दिवसीय श्री सीताराम नाम महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष नौ दिवसीय श्री सीताराम नाम महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष महायज्ञ का शुभारंभ 5 सितंबर से हुआ, जिसमें लगातार नौ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान एवं सीताराम नाम संकीर्तन किया गया। महायज्ञ की पूर्णाहुति 14 सितंबर को होगी।
पूर्णाहुति को लेकर मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।