#रसड़ा में दलित-पिछड़ा अधिकार मोर्चा का हल्लाबोल, आरक्षण बचाने और UGC के नए नियम लागू करने की मांग
#बलिया
#तहसील परिसर रसड़ा में सोमवार को दलित-पिछड़ा वर्ग अधिकार मोर्चा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित 14 सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी रसड़ा को सौंपा।
#मोर्चा के संयोजक श्रीराम राम ने कहा कि संविधान की मूल भावना के तहत SC, ST और OBC वर्गों को सामाजिक, आर्थिक एवं सत्ता में भागीदारी के लिए आरक्षण दिया गया है, लेकिन इन वर्गों को आज भी अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिल पाई है। ज्ञापन में लोकसभा संसदीय समिति और UGC की रिपोर्ट का हवाला देते हुए विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों में SC/ST, OBC और अल्पसंख्यक छात्रों के साथ कथित जातिगत एवं धार्मिक भेदभाव का मुद्दा उठाया गया। मोर्चा का दावा है कि शिकायतों में 118 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और इसी के मद्देनजर UGC के नए नियम लागू करने की मांग की गई है।
#प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़े प्रावधानों का विरोध किया जा रहा है, जबकि सरकार इस मामले में प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। ज्ञापन में दावा किया गया कि विभिन्न सेवाओं में SC/ST की हिस्सेदारी करीब 12.5 प्रतिशत और OBC की 9 प्रतिशत है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और विश्वविद्यालयों में इन वर्गों की भागीदारी बढ़ाने की मांग की गई।
#मोर्चा ने बलिया में गोंड और खरवार समाज के लोगों को SC/ST प्रमाण पत्र दिए जाने, 69 हजार शिक्षक भर्ती में OBC के 19 हजार और SC/ST के 3 हजार पदों को लेकर मांग पूरी करने, प्रदेश में बंद पड़े स्कूलों को खोलने तथा सभी आवेदन फॉर्म निःशुल्क करने की मांग भी उठाई।
#ज्ञापन में SC/ST/OBC आरक्षण पूरा करने, NFS व लेटरल नियुक्ति बंद करने, जाति जनगणना में आर्थिक कॉलम जोड़ने, कॉलेजियम व्यवस्था समाप्त कर राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग बनाने, EWS आरक्षण वापस लेने, नई शिक्षा नीति 2020 रद्द करने, गोंड-खरवार समाज को प्रमाण पत्र देने तथा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू नहीं करने समेत विभिन्न मांगें शामिल हैं।
#प्रदर्शन के दौरान जावेद अंसारी, अनुराग कुमार, जितेंद्र अंसारी, विनोद कुमार, रविन्द्र यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#रसड़ा #बलिया #दलितपिछड़ाअधिकारमोर्चा #आरक्षण #SCSTOBC #दलितअधिकार #पिछड़ावर्ग #सामाजिकन्याय #UGC #UGCनियम2026 #आरक्षणबचाओ #जातिजनगणना #EWSआरक्षण #नईशिक्षानीति2020 #गोंडसमाज #खरवारसमाज #बलिया_न्यूज़ #रसड़ा_न्यूज़ #उत्तरप्रदेश #राष्ट्रपतिज्ञापन #तहसीलपरिसर #सामाजिकसंगठन
Sikanderpur, Ballia | Sep 21, 2026