विशेष लोक अदालत के प्रचार वाहन को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी
शेखपुरा। आगामी 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शेखपुरा द्वारा व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार संतोष कुमार तिवारी ने किया।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सिंह, महासचिव विपिन सिंह, संयुक्त सचिव चंद्रमौली यादव, न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुशील प्रसाद के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से जिलेभर में विशेष लोक अदालत के लाभों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इस मौके पर चंद्रमौली यादव ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार आम लोगों को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्च में न्याय दिलाने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सुशील प्रसाद की देखरेख तथा संतोष कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में विधिक जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से 18 जुलाई को आयोजित विशेष लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।