स्नातक मतदाताओं के बीच पहुंचे शिवशंकर पटेल, किया सघन जनसंपर्क
शिक्षा, रोजगार, पुरानी पेंशन बहाली और कर्मचारियों के अधिकारों को बनाया प्रमुख मुद्दा
उरई (जालौन)। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल ने शुक्रवार को जालौन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर स्नातक मतदाताओं से सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने एट, उरई, कोंच, माधौगढ़, जालौन और कालपी पहुंचकर मतदाताओं से मुलाकात की तथा शिक्षा, रोजगार, पुरानी पेंशन बहाली और कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
शिवशंकर पटेल ने अपने निर्धारित कार्यक्रम की शुरुआत एट से की। इसके बाद उरई के कोर्ट एवं कलेक्ट्रेट क्षेत्र में लोगों से संवाद किया। दोपहर में कोंच, माधौगढ़ और जालौन में संपर्क करने के बाद शाम को कालपी पहुंचे। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने स्नातक मतदाताओं के बीच अपनी प्राथमिकताएं रखीं और समर्थन की अपील की।
उन्होंने कहा कि शिक्षित युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना, शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों पर प्रभावी पहल करना तथा शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली के साथ संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।
पटेल ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व केवल चुनाव तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जनप्रतिनिधि को स्नातकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय रहना चाहिए। शिक्षित वर्ग की आवाज को उचित मंच पर उठाना और उनके अधिकारों के लिए प्रयास करना आवश्यक है।
शिवशंकर पटेल राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष तथा बुंदेलखंड कुर्मी कल्याण समिति के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। जनसंपर्क के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में मतदाताओं से संवाद स्थापित कर उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं और विचारों से अवगत कराया। इस दौरान कई स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Oct 11, 2026