“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेवारी” थीम के साथ 09 सितंबर से 08 अक्टूबर तक चलेगा पोषण अभियान
आज दिनांक 09.09.2026 को 09वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ एवं माननीय मंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार श्रीमती अन्नपूर्णा देवी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर आयोजित लाइव वेबकास्ट कार्यक्रम में सहरसा जिले से उप विकास आयुक्त सहरसा, श्री गौरव कुमार, नगर आयुक्त, नगर निगम सहरसा, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ICDS, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का आयोजन 09 सितंबर 2026 से 08 अक्टूबर 2026 तक जिले में सभी संबंधित विभागों के समन्वय एवं सहभागिता से किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के साथ-साथ समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों के प्रति सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही को मजबूत करना है। इस वर्ष 09वें राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेवारी” रखी गई है। इसके अंतर्गत जिले में पोषण एवं बाल विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेष रूप से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पोषण माह के प्रमुख विषय
1. आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन
परिवारों एवं समुदाय को संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए पर्याप्त प्रोटीन युक्त आहार पर विशेष जोर दिया जाएगा।
2. आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन
आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों एवं पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जाने वाले पूरक पोषाहार की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पौष्टिकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ताजा एवं गर्म पका भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की गुणवत्ता की सामुदायिक निगरानी को प्रोत्साहित किया जाएगा।
3. सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही
पोषण संबंधी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, स्वयं सहायता समूहों, समुदाय एवं संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आंगनवाड़ी केन्द्रों को समुदाय के सहयोग एवं सहभागिता से बेहतर बनाने पर बल दिया जाएगा।
4. बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन
बच्चों के समुचित शारीरिक, मानसिक एवं संज्ञानात्मक विकास के लिए उचित पोषण के साथ-साथ प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा तथा आयु-उपयुक्त खेल एवं गतिविधियों के महत्व के संबंध में अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
5. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना—मातृ स्वास्थ्य के लिए नगद हस्तांतरण
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत उपलब्ध सहायता एवं मातृ स्वास्थ्य से संबंधित सेवाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
पोषण माह के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, नगर निकाय, जीविका एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से विभिन्न जागरूकता एवं सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आंगनवाड़ी केन्द्रों को इन गतिविधियों का महत्वपूर्ण केन्द्र बनाते हुए पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बाल विकास एवं मातृ स्वास्थ्य से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने तथा “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेवारी” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया गया है।
40 views | Samastipur, Bihar | Sep 10, 2026