लखनी में जमीन विवाद में हिंसक झड़प, कुल्हाड़ी से हमले में कटी किसान की चार उंगलियां, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर
दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के लखनी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान एक पक्ष ने कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया, जिससे 48 वर्षीय कोमल सिंह लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में उनके हाथ की चार उंगलियां कट गईं।
घायल को परिजन पहले तेजगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से आज शनिवार दोपहर 1 बजे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वही गंभीर स्थिति को देखते हुए यहां मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
घायल के पुत्र अजय लोधी ने आरोप लगाया कि राजन सिंह लोधी, बृजेंद्र सिंह लोधी, मूरत सिंह लोधी, रम्मू सिंह लोधी और एक अन्य आरोपी ने जमीन विवाद के चलते उनके पिता पर जानलेवा हमला किया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Damoh, Damoh | Jul 6, 2026