#चन्दौली में 3.92 करोड़ का सोना बरामद, कार के गियर बॉक्स के नीचे बना रखा था गुप्त बॉक्स
चन्दौली। चन्दौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये कीमत का सोना बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद सोने का कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, स्वाट/SOG टीम और थाना चन्दौली पुलिस को सूचना मिली थी कि KIA Carens कार संख्या HR22W2830 से दो व्यक्ति बिहार की तरफ से अवैध सोना लेकर दिल्ली की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। चालक ने कार को भगाकर निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में कार सवार दोनों आरोपियों की पहचान जुबेर मुबारक शेख, निवासी शांगली, महाराष्ट्र और मनीष कुमार, निवासी फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनाकर उसमें सोना छिपाया गया था, जिसे वे दिल्ली लेकर जा रहे थे।
अभियुक्तों की निशानदेही पर गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स को खोलकर तलाशी ली गई। इसमें कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लपेटकर रखी गई दो सिल्लियां बरामद हुईं। आरोपियों द्वारा बरामद धातु को सोना बताया गया, लेकिन उसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
बरामदगी की सूचना आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग को दी गई। संबंधित विभागों के अधिकारी सरकारी वैल्यूअर/सुनार के साथ मौके पर पहुंचे। जांच और वजन के बाद बरामद पीली धातु का कुल वजन 2 किलो 565.720 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई।
आयकर विभाग की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद पीली धातु विदेश में निर्मित सोना बताया गया है। पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद सोना नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना चन्दौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
#ChandauliNews #videovairal #trending #uppolice #Chandaulipolice