हर्षोल्लास के साथ मनाई भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु महाराज की जयंती
शोभायात्रा, रंगोली प्रतियोगिता और सम्मान समारोह का हुआ आयोजन; अग्निकांड पीड़ित महिला को समाज ने दी राहत राशि
अनोखा तीर, हरदा। भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु महाराज की जयंती समाजजनों द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह रंगोली प्रतियोगिता से हुई, जिसमें समाज की बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रंगोली प्रतियोगिता में समाज की बेटी मुस्कान महलवार ने रंगोली के माध्यम से शहीद टीआई दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही अपनी कलाकृति के जरिए नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया। वहीं अन्य बेटियों ने भी आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसके बाद समाजजनों ने भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु महाराज की भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा कसेरा मोहल्ला, जैसानी चौक, गणेश चौक एवं घंटाघर होते हुए गुप्तेश्वर मंदिर पहुंची। यहां भगवान की आरती एवं पूजन कर प्रसादी का वितरण किया गया। इसके पश्चात सामाजिक भोज का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ बुजुर्गों एवं प्रतिभाशाली समाजजनों का सम्मान किया गया। वहीं अग्निकांड से पीड़ित एक महिला को समाज की ओर से राहत राशि प्रदान कर सहयोग का परिचय दिया गया। इस अवसर पर समाज की एकता और आपसी समन्वय को मजबूत बनाने के साथ युवा पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
समाज अध्यक्ष मनोज महलवार ने बताया कि भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु महाराज की जयंती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, सेवा, सहयोग और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का अवसर भी है। आयोजन में बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं ने सहभागिता की।
Harda, Harda | Nov 16, 2026