प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक–21 अक्टूबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कोसुत नदी घाट और मोरा तालाब स्थित विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण
• साफ-सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी, माइकिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
• प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को मुस्तैद रहने का निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा): दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत ने संयुक्त रूप से कोसुत नदी घाट तथा मोरा तालाब स्थित विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विसर्जन की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिले के विभिन्न पूजा पंडालों से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन प्रारंभ होने के मद्देनजर प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, माइकिंग तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने शाम एवं रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
विसर्जन के दौरान प्रतिमाओं को सुरक्षित तरीके से जल में प्रवाहित करने के लिए उपयोग में आने वाले हाइड्रा (क्रेन) की उपलब्धता एवं कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया गया। जहां आवश्यक सुधार की जरूरत पाई गई, वहां संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। घाटों पर बैरिकेडिंग की स्थिति तथा एनडीआरएफ की टीम की उपलब्धता की भी जानकारी ली गई, ताकि विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जिलाधिकारी ने दोनों विसर्जन स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं अन्य कर्मियों की तैनाती की समीक्षा करते हुए उन्हें अपने-अपने दायित्वों का पूरी तत्परता से निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विसर्जन की पूरी प्रक्रिया के दौरान सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें तथा किसी भी परिस्थिति में सक्रिय रहते हुए आवश्यक कदम उठाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता तथा अनुमंडल पदाधिकारी, नालन्दा सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन द्वारा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Police
नालन्दा पुलिस
9 views | Nalanda, Bihar | Oct 21, 2026