स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय कोंग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाया क्षेत्र को बदनाम करने का आरोप बरवा में प्रेस वार्ता कर अवैध कोयला खनन आरोपों को बताया बेबुनियाद
गोबिंदपुर थाना प्रभारी पर अवैध कोयला एवं बालू खनन को लेकर गोबिंदपुर कांग्रेस कमेटी द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अब मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुक्रवार को कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों का खंडन करने के लिए शनिवार की शाम चार बजे बरवा में तीन पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने प्रेस वार्ता आयोजित की। मुखिया प्रतिनिधि प्राण चंद्र सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रेस वार्ता में कालाडाबर, बरवा एवं परासी पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने कांग्रेस कमेटी द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कालाडाबर, बरवा एवं परासी पंचायत क्षेत्र में कोई कोयला खदान (माइंस) नहीं है। ऐसे में क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार होने का आरोप लगाना उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का नाम लेकर कुछ लोग पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना था कि संबंधित लोग आंदोलन के नाम पर राजनीति करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग कांग्रेस पार्टी का नाम लेकर थाना प्रभारी से कमीशन मांगने पहुंचे थे। कथित तौर पर कमीशन नहीं मिलने के बाद थाना प्रभारी के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर झामुमो नेता यूसुफ अंसारी, पूर्व मुखिया समसुल हक, मुखिया प्रतिनिधि प्राण चंद्र सोरेन, इमामुद्दीन अंसारी एवं इस्लाम अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।