नागपंचमी पर्व के दृष्टिगत नागलवाड़ी शिखर धाम पर प्रशासन मुस्तैद कलेक्टर एवं एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
------
सुरक्षा के कड़े इंतजाम,सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से रखी जा रही सतत नजर
-------
05 पार्किंग स्थल एवं 03 ड्रॉप गेट निर्मित, भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू
बड़वानी 16 अगस्त 2026/नागपंचमी पर्व के पावन अवसर पर प्रसिद्ध सिद्ध स्थल नागलवाड़ी शिखर धाम प्रसिद्ध भिलट देव मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। व्यवस्थाओं को सुचारू, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने मंदिर परिसर एवं मेला स्थल का औचक निरीक्षण किया तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संपूर्ण परिसर में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी एवं होमगार्ड के जवानों की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पृथक प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग व लेन सिस्टम लागू किया गया है, जबकि यातायात प्रबंधन के लिए 05 पार्किंग स्थल, 03 ड्रॉप गेट और भारी वाहनों का रूट डायवर्जन निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल, चलित शौचालय, 24 घंटे मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और क्रेन की व्यवस्था भी की गई है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीएम राजपुर श्री कुमार सानू देवडिया, डिप्टी कलेक्टर श्री आकाश यादव, एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, डीएसपी श्री चेतन बघेल, तहसीलदार राजपुर श्री गणपत सिंह डावर, यातायात प्रभारी रजनी भार्गव, थाना प्रभारी नागलवाड़ी निरीक्षक रामकुमार पाटिल, मंदिर समिति अध्यक्ष श्री दिनेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से शांति, संयम और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए दर्शन करने की अपील की है।
5 views | Barwani, Madhya Pradesh | Aug 16, 2026