रेवा सेवा समागम अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
बड़वानी, 16 अगस्त 2026/ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिला आयुष विभाग सभागृह, बड़वानी में “नर्मदा संवाद — जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला” का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नर्मदा नदी एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, नर्मदा जलग्रहण क्षेत्र में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि को बढ़ावा देने तथा नर्मदा पथ एवं परिक्रमावासियों से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं को उन्मुख करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री राजेन्द्र ठाकुर, नर्मदा सेवा, मालवा प्रांत प्रमुख, श्री संजय पुरोहित, वरिष्ठ समाजसेवी तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद इंदौर के संभाग समन्वयक श्री अमित शाह, श्री सौरभ पंवार, नर्मदा समग्र की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना श्री राजेन्द्र ठाकुर (नर्मदा सेवा) द्वारा प्रस्तुत की गई। सुश्री ज्योति वर्मा, जिला समन्वयक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद बड़वानी द्वारा प्रशिक्षण एवं वक्ता उन्मुखीकरण की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
कार्यशाला में श्री अमित शाह द्वारा नर्मदा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण तथा नदी संरक्षण के लिए आवश्यक प्रयासों पर विस्तार से जानकारी दी गई। श्री सुरेश मुकाती ने नर्मदा जलग्रहण क्षेत्र में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि के महत्व, संभावनाओं एवं अपनाए जाने वाले व्यवहारिक उपायों पर प्रकाश डाला। वहीं श्री सौरभ पंवार द्वारा नर्मदा पथ एवं नर्मदा परिक्रमा से संबंधित विषयों पर विस्तृत पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर समूहवार चर्चा एवं प्रस्तुतीकरण कराया गया। इसमें नर्मदा संरक्षण, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि तथा जिले में किए जाने वाले आगामी कार्यों को लेकर “कब, कैसे, कहाँ और कौन” के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष चर्चा की गई। समूहों द्वारा अपने-अपने सुझाव एवं कार्ययोजनाएं प्रस्तुत की गईं।
कार्यशाला में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के समस्त ब्लॉक समन्वयक, नर्मदा तटवर्ती ग्रामों से जुड़े जन अभियान परिषद के कार्यकर्ता तथा नर्मदा समग्र के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से नर्मदा संरक्षण एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को ग्राम स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा आगामी गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करने का संकल्प लिया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल संचालन मेंटर श्री नरेन्द्र तंवर द्वारा किया गया। अंत में जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक श्री संजय सोलंकी द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यशाला का मुख्य संदेश रहा कि नर्मदा संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक जीवन पद्धति से जुड़ा सामूहिक दायित्व है।
7 views | Barwani, Madhya Pradesh | Aug 16, 2026