नाबालिग टोटो चालकों एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग की कार्रवाई
लखीसराय। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के आलोक में नाबालिग चालकों द्वारा टोटो का परिचालन किए जाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टोटो वाहनों के आवश्यक कागजात, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का निबंधन प्रमाण-पत्र सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई।इसके साथ ही मोटरसाइकिल चालकों के हेलमेट उपयोग की भी जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। गलत तरीके से वाहन पार्क कर जाम की स्थिति उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग के अनुसार नाबालिग अथवा अप्रशिक्षित चालकों द्वारा टोटो चलाए जाने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। विभाग द्वारा पूर्व में भी टोटो मालिकों एवं चालकों को नाबालिगों से वाहन का परिचालन नहीं कराने की चेतावनी दी गई है।विशेष जांच अभियान के दौरान कुल 22 वाहनों की जांच एवं कार्रवाई की गई, जिनसे यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए कुल 82,500 रुपये का जुर्माना किया गया।
परिवहन विभाग ने टोटो चालकों एवं वाहन मालिकों से अपने वाहनों के सभी आवश्यक कागजात अद्यतन रखने और वैध ड्राइविंग लाइसेंसधारी चालक से ही वाहन का परिचालन कराने की अपील की है। साथ ही ऑटो, टोटो एवं ट्रैक्टर चालकों से ओवरस्पीडिंग और गलत तरीके से वाहन पार्क करने से बचने तथा सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।