रानीबाग में सड़क पर गहरा गड्ढा बना परेशानी का कारण, बारिश में बढ़ जाता है हादसे का खतरा
सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के रानीबाग स्थित 17 नंबर रेलवे ढाला के समीप मुख्य सड़क पर बना बड़ा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बारिश होते ही गड्ढे में पानी भर जाता है, जिससे इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
गड्ढे के कारण खासकर दोपहिया और छोटे वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। सड़क संकरी होने के कारण दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही से लोगों को परेशानी होती है। वाहन चालक गड्ढे से बचने के लिए अचानक दिशा बदलते हैं, जिससे कई बार जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढे की मरम्मत कराने तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। इससे पहले भी रानीबाग रेलवे ढाला क्षेत्र में जाम और यातायात व्यवस्था की समस्या सामने आती रही है।