प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 14 सितंबर 2026
जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान”
विभिन्न तिथियों पर आयोजित होंगी जनभागीदारी, स्वच्छता, जागरूकता, सांस्कृतिक एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियाँ
गया, 14 सितंबर 2026, ज़िला पदाधिकारी ने ज़िले के सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण, अनुरक्षण एवं जनसुविधाओं के उन्नयन के उद्देश्य से विशेष अभियान “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान का उद्देश्य सरकारी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर रख-रखाव के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
निर्धारित कार्यक्रम एवं गतिविधियां
1. “आशावाद का दीया” — 17 सितंबर 2026, संध्या 7:00 बजे
जिला स्तर पर फल्गु नदी देव घाट सहित जिले के अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इस गतिविधि के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की भागीदारी के साथ सेवा एवं विकास के प्रति सकारात्मक संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के लिए जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका/कार्यक्रम पदाधिकारी, बीपीएम-जीविका एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल दायित्व दिया गया है।
2. “सेवा चित्र” — 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 के बीच
जिले के अंतर्गत सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में “विकसित भारत संकल्प” तथा “25 साल में सेवा कार्य विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण के विषयों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
3. “सेवा स्मरण” — 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2026 तक
पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्य, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश में आए बदलावों की कहानियों को गीतात्मक एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इस गतिविधि के जरिए विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों को रचनात्मक एवं सांस्कृतिक माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल दायित्व कला एवं संस्कृति विभाग को दिया गया है।
4. “आंगन का मिलन” — 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026
जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका एवं आशा कर्मियों के सम्मान, अनुभव संवाद एवं बच्चों की मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सेवाएं देने वाले कर्मियों के योगदान को सम्मानित करना तथा बच्चों एवं समुदाय के बीच सकारात्मक संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस एवं सिविल सर्जन को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
5. “कहानी बदलाव की” — 17 सितंबर 2026 से प्रारंभ
इस गतिविधि के अंतर्गत वास्तविक वीडियो/रील तैयार कर डिजिटल संग्रह बनाया जाएगा तथा उनका नियमित प्रकाशन किया जाएगा। इन वीडियो एवं रील के माध्यम से विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े वास्तविक अनुभवों तथा सकारात्मक बदलाव की कहानियों को डिजिटल माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल दायित्व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को दिया गया है।
6. “सेवा ज्योति यात्रा” — 12 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक
इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में पदयात्रा, साइकिल यात्रा एवं बाइक यात्रा आयोजित की जाएगी। साथ ही “मेरा युवा भारत” के स्वयंसेवकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना तथा जनभागीदारी के माध्यम से सेवा भावना को व्यापक रूप देना है। कार्यक्रम का नोडल दायित्व कला एवं संस्कृति विभाग को सौंपा गया है।
7. “सेवा मेरा योगदान” — 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 के बीच
इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें—
कम से कम दो स्थलों के प्रत्यक्ष दृश्य परिवर्तन के पहले एवं बाद के फोटो एवं वीडियो तैयार करना।
प्रत्येक विद्यालय/शैक्षणिक संस्थान में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करना।
तालाबों एवं छठ घाटों की सफाई को प्रमुख सेवा गतिविधि के रूप में शामिल करना।
इन सभी गतिविधियों को संबंधित पोर्टल पर अपलोड करना।
इस कार्यक्रम का नोडल दायित्व नगर निगम/जिला समन्वयक (स्वच्छता)-/जिला पंचायत राज पदाधिकारी को दिया गया है।
8. “सेवा सेतु अभियान — सरकार आपके द्वार” — 6 अक्टूबर 2026
इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों में सेवा सेतु शिविर के लिए कैलेंडर तैयार किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों को लाभार्थी डाटा बैंक के रूप में तैयार किया जाएगा तथा आवेदनों के निष्पादन एवं योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पहुंचाने की तैयारी की जाएगी। साथ ही इन गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। यह कार्यक्रम सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। कार्यक्रम के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
9. “सेवा के रंग” — 15 अक्टूबर 2026
इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के प्रमुख स्थलों का चयन किया जाएगा तथा चयनित स्थल पर 108 मीटर व्यास के “भारत मंडल” के लिए आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। कार्यक्रम के लिए कला एवं संस्कृति विभाग को नोडल दायित्व दिया गया है।
जनभागीदारी से बनेगा अभियान प्रभावी
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों, पदाधिकारियों एवं संबंधित संस्थाओं को निर्धारित तिथि एवं समय के अनुरूप कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं विकास के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त गया ने कहा है कि कार्यक्रम का उद्देश्य है कि “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” के माध्यम से सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए जिले में सेवा भावना को और मजबूत किया जाए तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों एवं जनसुविधाओं के बेहतर रख-रखाव एवं उन्नयन को गति दी जाए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar DD News Bihar Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar Department of Tourism, Government of Bihar
#facebook #facebookpost #facebookdaily #FacebookPage
Gaya, Bihar | Sep 14, 2026