गणपति पंडाल में गूंजे भजन, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल
श्री सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट शिमला की ओर से मिडिल बाजार स्थित गणपति पंडाल में रविवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान डेरा बाबा रूद्रा नन्द सेवक मंडल शिमला के सदस्यों ने भगवान गणपति की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। डेरा बाबा रूद्रा नन्द सेवक मंडल के अध्यक्ष अरविंद शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने गणपति व अन्य धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजनों पर जयकारे लगाए और भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त किया।इस मौके पर शिमला डेरा बाबा रुद्र नन्द सेवक मंडल अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने गणपति मूर्ति के स्थापना और विसर्जन को शास्त्रों के अनुसार करने का अनुरोध किया। जिससे सनातन धर्म की मर्यादा बनी रहे।
श्री सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल ने भजन मंडल का स्वागत किया। कार्यक्रम में राजकुमार अग्रवाल सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। गणपति पंडाल में देर तक भक्तिमय माहौल बना रहा। इस मौके पर अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने बताया कि 24 सितंबर को डेरा बाबा रूद्रा नंद सेवक मंडल शिमला की ओर से गणपति सेवा मंडल गंज बाजार शिमला में यथावत भजन कार्यक्रम होगा।