दमोह के दो पहलवानों का ऑल इंडिया रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट के लिए चयन, जिले में खुशी की लहर
दमोह। जिले के कुश्ती खेल जगत के लिए गर्व का क्षण सामने आया है, जब दमोह के दो युवा पहलवानों का चयन ऑल इंडिया ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश के गोंडा-अयोध्या में 6 से 8 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।
चैनपुरा बजरिया नंबर 5 स्थित कुश्ती व्यायाम शाला के अंतर्राष्ट्रीय एवं NIS कोच धर्मेंद्र वंशवर्ती तथा सीनियर पहलवान जितेंद्र वंशवर्ती के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 51 किलो भार वर्ग के पहलवान पवन बंसल और 48 किलो भार वर्ग के पहलवान प्रिंस वाल्मीकि का चयन अंडर-17 ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए हुआ है।
इस उपलब्धि से पूरे दमोह जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है। पहली बार जिले के दो 16 वर्षीय पहलवानों का चयन इस स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसे खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कोच धर्मेंद्र वंशवर्ती ने बताया कि चयनित पहलवानों में पवन बंसल का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। बचपन में ही माता का साया उठ गया था, जबकि एक दुर्घटना में उनके पिता का निधन हो गया। वर्तमान में पवन अपने कोच और दादा-दादी के सहारे प्रशिक्षण प्राप्त कर कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
वहीं 48 किलो वर्ग के पहलवान प्रिंस वाल्मीकि के पिता मनोज वाल्मीकि दमोह नगर पालिका में सफाई संरक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वे अपने बेटे को राष्ट्रीय स्तर का पहलवान बनाने का सपना देख रहे हैं और नियमित रूप से NIS कोच धर्मेंद्र वंशवर्ती से प्रशिक्षण दिला रहे हैं।
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Damoh, Damoh | Jun 7, 2026