हैंगिंग ब्रिज के पास उदयपुर के कारोबारी से 5.50 लाख की ठगी, सोने-चांदी के वेस्ट का सौदा बना जाल, 4.50 लाख लेकर कार सहित फरार हुए आरोपी
कोटा। सोने-चांदी के वेस्ट का कारोबार करने कोटा आए उदयपुर के एक कारोबारी के साथ 5.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले कारोबारी से लाखों रुपए का सौदा तय किया और फिर रकम लेकर माल की डिलीवरी देने के बहाने बुलाया। हैंगिंग ब्रिज के पास मुलाकात के बाद आरोपी बातचीत में उलझाकर 4.50 लाख रुपए और कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने उद्योग नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार उदयपुर निवासी अहसान ने पुलिस को बताया कि वह चित्तौड़गढ़ निवासी अपने परिचित सत्यनारायण के साथ सोने-चांदी का वेस्ट खरीदने के लिए कोटा आया था। सत्यनारायण की पहचान कोटा के अनंतपुरा निवासी गोलू नाम के युवक से थी। दोनों के बीच सोने के वेस्ट का सौदा 5.50 लाख रुपए में तय हुआ था।
सौदे के तहत सत्यनारायण दो दिन पहले ही 1 लाख रुपए एडवांस दे चुका था। शुक्रवार को वह शेष 4.50 लाख रुपए देकर माल की डिलीवरी लेने पहुंचा था।
बताया गया कि हैंगिंग ब्रिज के पास गोलू अपने एक साथी के साथ मिला। बातचीत के बहाने आरोपियों ने सत्यनारायण को कार में बैठा लिया, जबकि अहसान अपनी कार से उनके पीछे चल रहा था। इसके बाद उद्योग नगर इलाके में नहर के पास गोलू ने अचानक कार रोक दी और सत्यनारायण को पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतार दिया।
जैसे ही सत्यनारायण कार से नीचे उतरा, दोनों आरोपी 4.50 लाख रुपए की रकम और कार लेकर मौके से फरार हो गए। ठगी का अहसास होने पर अहसान और सत्यनारायण ने आसपास आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
पीड़ित की शिकायत पर उद्योग नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Ladpura, Kota | Nov 15, 2026