*पुलक मंच परिवार का भीलवाड़ा में पहली बार राष्ट्रीय महाधिवेशन कल*
*आचार्य पुलकसागर महाराज के सानिध्य में अधिवेशन में शामिल होने देशभर से पहुंचे डेढ़ हजार से अधिक सदस्य*
भीलवाड़ा:निलेश कांठेड़ ( वरिष्ठ पत्रकार ), 3 अक्टूबर। राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज के सानिध्य में राष्ट्रीय पुलक मंच परिवार का 29वां राष्ट्रीय महाधिवेशन का आयोजन रविवार को भीलवाड़ा के रीको क्षेत्र स्थित ओरियम रिसोर्ट में होगा। इस आयोजन के लिए पुलक मंच की देशभर की 150 शाखाओं से 1500 से अधिक प्रतिनिधि भीलवाड़ा पहुंच रहे है। आयोजन को सफल बनाने के लिए भीलवाड़ा पुलक मंच ने व्यापक तैयारियां की है। भीलवाड़ा में पहली बार हो रहे इस महाधिवेशन को लेकर उत्साह का माहौल है। भीलवाड़ा पुलक मंच के अध्यक्ष अतुल पाटनी ने बताया कि महाधिवेशन में सानिध्य प्रदान करने के लिए आचार्य पुलकसागर महाराज शनिवार शाम कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। इसके लिए आचार्यश्री शनिवार सुबह सूर्यमहल से विहार कर केसरकुंज पहुंचे जहां उनकी आहारचर्या हुई। वहां से सांयकाल विहार कर अधिवेशन स्थल ओरियम रिसोर्ट पहुंच गए। यहां पहुंचने पर सुश्रावक महावीरसिंह चौधरी, मीठालाल सिंघवी आदि ने उनका स्वागत अभिनंदन किया एवं पाद प्रक्षालन कर आचार्यश्री के प्रति श्रद्धाभाव व्यक्त किए। यहां पहुंचने के बाद सांयकालीन महाआरती हुई एवं श्रावकों एवं विभिन्न स्थानों से पधारे पुलक मंच परिवार के सदस्यों ने आचार्यश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन को लेकर श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह एवं सह संयोजक लोकेश अजमेरा के मार्गदर्शन में महाधिवेशन को लेकर तैयारियां की गई है। पुलक मंच के महामंत्री अक्षय टोंग्या ने बताया कि महाधिवेशन के प्रारंभ में रविवार सुबह ध्वज वंदन के साथ पुलक मंच के सदस्यों की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। आयोजन के दौरान सर्वश्रेष्ठ सेवा कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। महाधिवेशन में पुलक मंच से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने के साथ पूज्य आचार्य पुलकसागर महाराज का मार्गदर्शन एवं मंगल प्रेरणा प्राप्त होगी। भीलवाड़ा पुलक मंच के विभोर गोधा, आदिश चौधरी, पीयूष वैद सहित कई पदाधिकारी जुटे हुए है।