राघोपुर नाव हादसा में 16 की मौत, कई लापता
वैशाली जिला के राघोपुर में एक बड़ी घटना घटी है। गंगा नदी में नाव पलटने से अब तक 11 लोगों के मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि अपुष्ट खबरों के अनुसार 16 लोगों के मौत की बात सामने आ रही है और मौत की ये संख्या बढ़ने की प्रबल संभावना है। इस हादसे में कुछ लोगों को बचा लिया गया है। पांच लोगों को रेफर किए जाने की बात बताई जा रही है। नाव पर करीब दो दर्जन से अधिक लोग सवार थे। लापता लोगों की तलाश जारी है।
यह घटना राघोपुर थाना के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात करीब 8 बजे घटी है। नाव सवार सभी लोग श्राद्धकर्म का भोज खाने के लिए नाव से गंगा पार जा रहे थे। इसी दौरान बीच गंगा नदी में नाव पलट गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने नदी में डूबे लोगों को बचाने का काम शुरू कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती दौड़ में ग्रामीणों ने डेढ़ दर्जन लोगों को नदी से बाहर निकाला और सभी को फतेहपुर अस्पताल पहुंचाया। इनमें से 16 लोगों की मौत होने की बात बताई जा रही है। हादसे में कई लोगों के लापता होने की भी सूचना है। मारने वालों में नाबालिगों की संख्या अधिक है। फिलहाल सभी शव फतेहपुर अस्पताल में रखा गया है।
घटनास्थल रामपुर श्यामचंद पंचायत के रामपुर गांव स्थित महारानी स्थान के पास का बताया जा रहा है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। लेकिन नाव पर क्षमता से ज्यादा लोगों का सवार होना इस हादसे का मूल करना हो सकता है। मृतकों और लापता लोगों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि या सटीक जानकारी का इंतजार है।
घटना ने बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्र में सुरक्षित नाव परिचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल गंगा नदी में डूबे बाकी लोगों की तलाश जारी है और पूरे इलाके की नजर बचाव अभियान पर टिकी हुई है।
फिरोज़
News Tube 24x7
Fatwah, Patna | Oct 13, 2026