*दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ ‘सपनों की उड़ान, असंभव कुछ नहीं’ कार्यक्रम*
डीडवाना-कुचामन, 31 अक्टूबर । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान सरकार के तत्वावधान में शनिवार को जिला कलेक्टर सभागार में दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से ‘सपनों की उड़ान, असंभव कुछ नहीं’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा रहा। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार की उपस्थिति रही।
जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी रजनीश चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 60 दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़कर प्रेरणादायी संदेश प्राप्त किए।
कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकारों, समान अवसरों एवं समाज की मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों की क्षमताओं, प्रतिभाओं एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन देते हुए यह संदेश दिया गया कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास एवं उचित अवसरों के माध्यम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें सम्मानजनक, समावेशी एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करना रहा।
Didwana, Nagaur | Oct 31, 2026