खबर चलने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय, फुलवरिया आंगनबाड़ी केंद्र की साफ-सफाई शुरू; जलभराव की समस्या दूर करने की तैयारी
बलरामपुर। ब्लॉक सदर क्षेत्र की ग्राम पंचायत विशुनापुर के मजरे फुलवरिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की समस्याओं को लेकर खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन और आंगनबाड़ी विभाग सक्रिय हो गया है। केंद्र परिसर में साफ-सफाई और धुलाई का कार्य शुरू करा दिया गया है, जबकि जलभराव की समस्या दूर करने के लिए भी तैयारी की जा रही है।
मामले को लेकर सीडीपीओ से फोन के माध्यम से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही संबंधित जिम्मेदारों को अवगत कराया गया, जिसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र की साफ-सफाई, धुलाई और आसपास जमा गंदगी को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सीडीपीओ ने बताया पूर्व में जिले में हुई भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण केंद्र पर समस्याएं उत्पन्न हुई थीं। अब व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है और प्रशासन की ओर से केंद्र में अधूरे कार्यों को भी जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र लगातार संचालित हो रहा है। भारी बारिश के कारण गर्भवती महिलाओं, बच्चों और उनके अभिभावकों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए पूर्व माध्यमिक विद्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था की गई, जहां से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद संबंधित विभाग की ओर से साफ-सफाई की कार्रवाई शुरू हुई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और केंद्र की अन्य कमियों को भी दूर कराया जाएगा।
सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
प्रदेश सरकार की मंशा है कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण एवं अन्य जरूरी सेवाओं का लाभ मिले। ऐसे में जिला प्रशासन और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की सक्रियता से केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जगी है। अब जरूरत है कि साफ-सफाई के साथ जलनिकासी और अधूरे कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुचारु रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
*निष्पक्ष स्वतंत्र पत्रकार अमित कुमार बलरामपुर मो0:-7311118348*