थाने पहुंचीं पीएम श्री विद्यालय की छात्राएं, जाना पुलिस की कार्यप्रणाली का तरीका
ललिया, बलरामपुर। बेटियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास जगाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय ललिया की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने शुक्रवार को थाना ललिया का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने थाना परिसर, कार्यालयों और मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। थाना प्रभारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मिष्ठान भी खिलाया।
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय तथा क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने किया। मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को थाने के विभिन्न अनुभागों का भ्रमण कराया।
इस दौरान छात्राओं को महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, पूछताछ केंद्र, कार्यालय और सीसीटीएनएस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस किस प्रकार कार्य करती है।
छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की जानकारी देकर उन्हें निर्भीक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना भ्रमण के बाद छात्राओं ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देने के लिए जागरूकता रैली निकाली। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें सुरक्षा के प्रति विश्वास पैदा करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र वर्मा, कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार, रविशंकर मौर्य, मिथिलेश मौर्य, महिला हेड कांस्टेबल गीता वर्मा, स्वाती वर्मा और गरिमा सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
संदेश: बेटियों को डरना नहीं, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना है।
#MissionShakti #मिशनशक्ति_अभियान #BalrampurPolice #बलरामपुर_पुलिस #थाना_ललिया #PMShriSchool #महिला_सुरक्षा #बेटी_बचाओ_बेटी_पढ़ाओ #नारी_सशक्तिकरण #महिला_सम्मान #बालिका_सुरक्षा #उत्तरप्रदेश_पुलिस #UPPolice #साइबर_जागरूकता #स्वावलंबी_नारी #बलरामपुर_न्यूज #UPNews #LaliaBalrampur