विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के उद्देश्य से अपर उपायुक्त सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एआरओ), मझगांव विधानसभा क्षेत्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई। बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया गया है। इसके उपरांत 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन एवं निष्पादन के बाद 07 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
अपर उपायुक्त सह एआरओ ने बताया कि 08 एवं 09 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, विलोपन, संशोधन एवं स्थानांतरण संबंधी आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान संचालित किया जाएगा तथा 15 अगस्त 2026 को पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा पात्र मतदाताओं को निर्धारित तिथियों पर अपना नाम मतदाता सूची में जांचने एवं आवश्यक दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया गया। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी, जबकि नए पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा।
अपर उपायुक्त सह एआरओ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान के सफल संचालन में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी ,उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।