टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स को दिया गया टीबी वॉलेंटियर प्रशिक्षण
टीबी से स्वास्थ्य के साथ परिवार और देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है प्रभाव
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय जौरा के सभागार में रविवार को एनसीसी कैडेट्स के लिए टीबी वॉलेंटियर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 8 एमपी एनसीसी बटालियन के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में कैडेट्स को टीबी रोग के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार सहित रोग की रोकथाम के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम 8 एमपी एनसीसी बटालियन के सीओ श्री सुमित के मार्गदर्शन तथा शासकीय महाविद्यालय जौरा के प्राचार्य श्री एच.एन. हाड़ा एवं सीबीएमओ डॉ. अनुभा माहेश्वरी के सहयोग से आयोजित हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता हवलदार श्री प्रभु सिंह ने की।
सिविल अस्पताल जौरा के वरिष्ठ क्षय प्रयोगशाला पर्यवेक्षक श्री रणबीर गोयल ने कैडेट्स को टीबी रोग की गंभीरता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि टीबी का प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार की आर्थिक स्थिति के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने टीबी की समय पर पहचान, जांच एवं नियमित उपचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोग की रोकथाम के लिए जनजागरूकता और समय पर उपचार आवश्यक है। उन्होंने कैडेट्स से टीबी संबंधी जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान सभी एनसीसी कैडेट्स के मोबाइल फोन में टीबी मुक्त भारत ऐप डाउनलोड कराया गया। कैडेट्स को ऐप के माध्यम से टीबी से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय सहभागिता के संबंध में भी जानकारी दी गई।
महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्री रमेश कुमार ने विद्यार्थी जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अनुशासन व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि देश की सेवा और सुरक्षा में जुटे जवान अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। इसी प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी को भी अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाते हुए समाज एवं राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 18 एमपी एनसीसी से हवलदार श्री प्रभु सिंह, हवलदार श्री चिरेंद्र सिंह, सिविल अस्पताल जौरा से वरिष्ठ क्षय प्रयोगशाला पर्यवेक्षक श्री रणबीर गोयल, शासकीय महाविद्यालय जौरा से सहायक प्राध्यापक श्री रमेश कुमार, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जौरा से सीटीओ श्री रामकुमार गौड़, एसयूओ श्री दिलीप जादौन, यूओ श्री विमल भदौरिया, श्री अंकुश शाक्य, सुश्री अनु सिकरवार, एसजीटी श्री राघवेंद्र शर्मा, सुश्री योगिता गुप्ता सहित 190 से अधिक एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में हवलदार श्री चिरेंद्र सिंह ने उपस्थित अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं कैडेट्स के प्रति आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
Morena, Madhya Pradesh | Sep 20, 2026