पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी, शासन और जनता के बीच सेतु की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं - कृषि मंत्री श्री कंषाना
जनसमस्याओं को सामने लाने से लेकर समाज को सकारात्मक दिशा देने तक पत्रकारिता का महत्वपूर्ण योगदान
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने संभागीय पत्रकार सम्मेलन एवं पत्रकार-समाजसेवी सम्मान समारोह को किया संबोधित
मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया जिला इकाई मुरैना द्वारा स्थानीय अग्रवाल सेवा सदन में संभागीय पत्रकार सम्मेलन एवं पत्रकार-समाजसेवी सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संप्रेषण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने, जनहित के विषयों को सामने लाने और सकारात्मक परिवर्तन के लिए वातावरण तैयार करने का सशक्त माध्यम है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में पत्रकार कठिन परिस्थितियों के बीच कार्य करते हुए आमजन से जुड़े विषयों और उनकी समस्याओं को सामने लाते हैं। उनकी यह भूमिका सराहनीय और समाज के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि समाज की दशा सुधारने और उसे सही दिशा दिखाने में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पत्रकार अपनी कलम के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, जनहित और विकास से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और उनके हितों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने समाजसेवियों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजसेवी निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य करते हुए मानवता और सामाजिक सरोकारों की मिसाल प्रस्तुत करते हैं। पत्रकारों एवं समाजसेवियों का सम्मान समाज में सेवा, समर्पण और सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरणा का कार्य करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अरुण शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि फेडरेशन पत्रकारों के हित, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संभागीय पत्रकार सम्मेलन का उद्देश्य पत्रकारों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना तथा उनके निराकरण के लिए सार्थक प्रयास करना है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक एवं तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के विषयों को सामने लाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, सहायक संचालक जनसम्पर्क सुश्री मोनिका माहौर सहित चंबल एवं ग्वालियर संभाग तथा मुरैना जिले के वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री सत्येन्द्र शर्मा, प्रदेश महासचिव श्री यदुनाथ सिंह तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पुनीत चतुर्वेदी, प्रदेश सचिव श्रीमती रेणुका राठौर, ग्वालियर-चंबल संभाग प्रभारी श्री संतोष शर्मा, संभागीय उपाध्यक्ष श्री अवधेश डंडोतिया, संभागीय महासचिव श्री सत्येन्द्र तोमर, वरिष्ठ पत्रकार श्री रामबरन शर्मा, श्री रजनीश दुबे एवं श्री देवेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक एवं जिलाध्यक्ष श्री अमन सक्सेना तथा जिला महामंत्री श्री विनोद सिंह तोमर ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन राज्य आनंद संस्थान के मास्टर ट्रेनर, वरिष्ठ मंच संचालक एवं समाजसेवी डॉ. सुधीर आचार्य ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों तथा उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले समाजसेवियों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में संभागभर से बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh #reporter #journalism Jansampark Madhya Pradesh
24 views | Morena, Madhya Pradesh | Sep 20, 2026