*माय भारत बड़वानी द्वारा खेलो इंडिया संवाद का भव्य आयोजन; युवाओं को मिला खेल और राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शन*
बड़वानी 27अगस्त 2026/ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत बड़वानी,राष्ट्रीय सेवा योजना तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग जिला बड़वानी, के संयुक्त तत्वावधान में शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में "खेलो इंडिया संवाद, खेलों की बात, पीएम मोदी के साथ" कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. रणजीतसिंह मेवाड़े ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एवं स्वागत
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। तत्पश्चात माय भारत की जिला युवा अधिकारी श्रीमती दीर्घा राजावत ने कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रस्तावना प्रस्तुत की। आयोजकों व प्राध्यापकों ने सभी मंचासीन अतिथियों का पारंपरिक रूप से आत्मीय स्वागत किया।
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री व सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशेष अतिथियों में जनजातीय आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य, पूर्व राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत पटेल, कलेक्टर जयति सिंह, अपर कलेक्टर हेमलता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा, सुश्री संतरा निनामा (डीएसओ) तथा तहसीलदार जितेंद्र सोलंकी सहित खेल विभाग के खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि का संबोधन एवं पीएम मोदी का वर्चुअल संदेश
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन का जरिया नहीं, बल्कि करियर का एक उत्कृष्ट विकल्प और अनुशासन सीखने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस सत्र में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए खेल, फिटनेस और युवा शक्ति के माध्यम से विकसित भारत का विजन साझा किया, जिसने उपस्थित युवाओं में नए उत्साह का संचार किया।
खेल प्रतिभाओं का संवाद एवं सम्मान
द्वितीय सत्र में मंच संचालक नीरज सकतपुरीया ने प्रदेश स्तर की खेल प्रतिभाओं बैडमिंटन खिलाड़ी हिंद पाटीदार और राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी स्नेहा महनिया को आमंत्रित किया। दोनों स्पोर्ट्स आइकॉन के साथ युवाओं का प्रेरणादायक संवाद आयोजित हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों द्वारा दोनों खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
नशामुक्त भारत की शपथ एवं विशेष गतिविधियां
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने सभी उपस्थित युवाओं और अतिथियों को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई। समापन पर युवाओं ने विकसित भारत यंग लीडर संवाद क्विज में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा फत् कोड स्कैन करके विकसित भारत के निर्माण के लिए अपने नवाचारी विचार व सुझाव सबमिट किए।
कार्यक्रम का समापन औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।