तीसरे दिन भी जनकल्याण शिविरों में , बड़ी संख्या में नागरिकों ने उठाया लाभ
बानमौर, मुरैना, अंबाह एवं पोरसा में प्राप्त आवेदनों का अधिकांश निराकरण मौके पर ही किया गया
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सरल एवं सुगम रूप से पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में संचालित जनकल्याण शिविरों को नागरिकों का लगातार उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। शनिवार को आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया तथा अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में शनिवार को नगर पंचायत बानमौर, जनपद पंचायत मुरैना, नगर निगम मुरैना (टाउन हॉल), जनपद पंचायत अंबाह (पचासा मैदान) तथा जनपद पंचायत पोरसा (नागाजी तालाब के समीप) जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया गया।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकांश मामलों का निराकरण मौके पर ही किया गया। शिविरों में नगर पंचायत बानमौर में 13, जनपद पंचायत मुरैना एवं नगर निगम मुरैना में 30, जनपद पंचायत अंबाह में 450, नगर पालिका अंबाह में 98 तथा जनपद पंचायत एवं नगर पालिका पोरसा में 372 आवेदन प्राप्त हुए।
इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरित किए गए। कई हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, वहीं अन्य योजनाओं से संबंधित हितलाभ भी वितरित कर पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविर आमजन के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में उभर रहे हैं, जहां नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
78 views | Morena, Madhya Pradesh | Jun 14, 2026