वीएचएसएनडी एवं दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान का जिला टीकाकरण अधिकारी ने किया निरीक्षण
जिले में संचालित वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) तथा दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जी. एस. चौहान ने विकासखंड राणापुर अंतर्गत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर टिकड़ी बोड़िया एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पाडलवा में आयोजित वीएचएसएनडी सत्रों एवं दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान अभियान की मॉनिटरिंग ODK Tool के माध्यम से की गई।
निरीक्षण के दौरान सत्र स्थलों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, सहयोगिनी, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित पाए गए। सभी हितग्राही निर्धारित सूची के अनुसार सत्र में उपस्थित थे। डॉ. चौहान ने सत्र स्थलों पर नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा पोषण संबंधी गतिविधियों के संचालन का अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुरूप सभी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान के अंतर्गत पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की सक्रिय स्क्रीनिंग की गई। पात्र बच्चों को विटामिन-ए, आयरन सिरप, ओआरएस पैकेट एवं जिंक टैबलेट का वितरण किया गया। साथ ही बाल्यकालीन बीमारियों की पहचान कर गंभीर कुपोषित (SAM) एवं गंभीर रूप से बीमार बच्चों को चिन्हित करते हुए आवश्यक रेफरल की कार्यवाही भी सुनिश्चित की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी ने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित सभी हितग्राहियों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि U-WIN Portal एवं अनमोल पोर्टल पर समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन DSS App के माध्यम से मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से की जाए।
डॉ. चौहान ने कहा कि अभियान की सभी गतिविधियों का शत-प्रतिशत, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा निर्धारित गतिविधियों के अपूर्ण संचालन की स्थिति में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की होगी।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP