जमुई में लगा भव्य सोलर मेला, डीएम बोले—“छत पर सोलर लगाना खाली जगह से नियमित आय कमाने जैसा”
स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रावणेश्वर हॉल में विद्युत विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सोलर मेला आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री नवीन एवं अपर समाहर्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक और जागरूकता सत्र के माध्यम से लोगों को रूफटॉप सोलर के फायदे और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सौर ऊर्जा के जरिए बिजली के खर्च को कम करने के साथ-साथ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा—
“घर की छत पर सोलर प्लांट लगाना अपनी खाली छत को किराए पर देकर नियमित आय कमाने जैसा है।”
डीएम ने बताया कि जिले में 8,000 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 650 आवेदन प्राप्त हुए हैं और 300 ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 13,339 ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनका मासिक बिजली बिल 300 यूनिट से अधिक आता है। ऐसे परिवारों के लिए रूफटॉप सोलर बिजली खर्च कम करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ने भी सौर ऊर्जा को पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण बताया। मौके पर विभागीय पदाधिकारी, विद्युत कर्मी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
#ApnaJamui #JamuiNews #SolarMela #PMsuryaGhar #SolarEnergy #Jamui #BiharNews #RooftopSolar
Jamui, Jamui | Aug 21, 2026