नर्मदा ओंकार महादेव मंदिर के चबूतरे पर जेसीबी चलाने से आक्रोश, मूर्तियां क्षतिग्रस्त करने का आरोप ?
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल
भीलवाड़ा में अनुकम्पा स्काइडेक बिल्डिंग के पीछे 100 फीट रोड स्थित आनंद बजरंग विहार कॉलोनी में हिंदू आस्था के केंद्र नर्मदा ओंकार महादेव मंदिर के चबूतरे को देर रात जेसीबी से क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
कॉलोनीवासियों के अनुसार 26 अगस्त 2026 की रात करीब 3 बजे कुछ असामाजिक तत्व जेसीबी लेकर मंदिर परिसर के चबूतरे पर पहुंचे और जेसीबी से चबूतरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान माता पार्वती और नंदी भगवान की मूर्तियां भी चबूतरे से गिर गईं। जेसीबी की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। लोगों के जागने के बाद जेसीबी चालक सहित मौके पर मौजूद लोग वहां से भाग गए।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पुलिस गश्त बढ़ाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद असामाजिक तत्वों ने मौका देखकर घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना गांधीनगर थाना पुलिस को दी गई।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने पुलिस एवं प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही मांग की गई है कि क्षतिग्रस्त चबूतरे की मरम्मत करवाकर भगवान शिव, गणेश, माता पार्वती एवं नंदी भगवान की मूर्तियों को सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित कराया जाए।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि धार्मिक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्षेत्र में प्रभावी निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थल को नुकसान पहुंचाने वाली इस घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।