8 मौतें, एक सवाल… क्या जहरीली शराब बनी वजह? खरवे गांव में जांच के बीच बढ़ी चिंता
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल क्षेत्र के पास स्थित खरवे गांव में पिछले दो महीने के दौरान आठ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। फरवरी से मई के बीच हुई इन मौतों ने पूरे गांव में चिंता और डर का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इन मौतों के पीछे जहरीली शराब का मामला हो सकता है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस और एफएसएल की टीम गांव पहुंची। करीब डेढ़ महीने पहले हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया और परीक्षण के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। अब एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही रामशाह जसवाल नामक व्यक्ति द्वारा शराब में जहरीला तत्व मिलाकर लोगों को पिलाया गया, जिसके कारण ये मौतें हुईं। हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।