छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ से गोवंशों के साथ क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रायगढ़ रोड स्थित नहर में अज्ञात लोगों द्वारा 8 गोवंशों को रस्सियों से बांधकर फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गौ-रक्षक और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद 7 गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक गोवंश की मौत हो गई। इस अमानवीय घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। वहीं, छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।