पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 छिंदवाड़ा में अलंकरण समारोह आयोजित
नवगठित छात्र परिषद के छात्र-छात्राओं को सौंपे गए दायित्व
=============================================================
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 छिंदवाड़ा की दोनों पालियों में पृथक-पृथक नवगठित छात्र परिषद के लिए गत दिवस भव्य ‘अलंकरण समारोह’ का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में सत्र 2026-27 के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को उनके नए पदों और कर्तव्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समारोह के दौरान प्राचार्य श्री हरि प्रसाद धारकर ने चयनित छात्र-छात्राओं को बैजेस पहनाए, शैश धारण कराए और विद्यालय का आधिकारिक ध्वज सौंपकर उन्हें आधिकारिक रूप से दायित्व प्रदान किए।
प्रथम पाली से 12वीं कॉमर्स की निधि पवार और साइंस के अनुराग पवार के साथ ही द्वितीय पाली से कक्षा 10वीं की गार्गी चड्ढा एवं अथर्व त्रिपाठी को स्कूल कैप्टन चुना गया। प्रथम पाली से नैंसी कुमरे और अनुज पहाड़े, जबकि द्वितीय पाली से निहालिका डोहले एवं जीत भारती को स्पोर्ट्स कैप्टन चुना गया।
प्रथम पाली से देवांशी महोबिया और आरव सूर्यवंशी, जबकि द्वितीय पाली से अशिता साहू एवं काविश पवार को वाइस कैप्टन चुना गया। मुख्य पदों के साथ-साथ विद्यालय की दोनों पालियों के चारों सदनों - शिवाजी, अशोका, रमन और टैगोर - के लिए भी सदन कैप्टन, वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन सहित विभिन्न पदों पर प्रतिभावान विद्यार्थियों की नियुक्तियां की गईं।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री धारकर ने कहा कि ये पद केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि कर्तव्य और निष्ठा का प्रतीक हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने, पद की गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखने, अपने अनुजों (छोटों) का मार्गदर्शन करने और शिक्षकों का सदैव सम्मान करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री धारकर ने सभी नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं। अलंकरण समारोह के आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों सहित श्रीमती पुष्पा नायडू, श्री रामकृपाल जंघेला, श्रीमती पूजा उपाध्याय एवं श्रीमती डेनिसा ठाकुर की प्रमुख भूमिका रही।