नागलवाड़ी शिखरधाम में नागपंचमी व श्रावण मास को लेकर प्रशासन सतर्क
......................
सुरक्षा, यातायात व व्यवस्थाओं का प्रशासनिक एवं पुलिस दल ने किया निरीक्षण
बड़वानी 03 अगस्त 2026/ आगामी नागपंचमी पर्व पर आयोजित होने वाले भव्य मेले एवं पवित्र श्रावण मास के दौरान निकलने वाली कांवड़ यात्राओं के अवसर पर प्रसिद्ध नागलवाड़ी शिखरधाम भिलट देव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है।
सोमवार को कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के संयुक्त दल ने शिखरधाम पहुँचकर सुरक्षा, यातायात और जन-सुविधाओं का बारीकी से स्थल निरीक्षण किया। इसके उपरांत नागपंचमी पर्व को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
प्रमुख सुरक्षा, यातायात एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं
बैठक में अधिकारियों ने मंदिर के पुजारी श्री राजेन्द्र बाबा एवं कोषाध्यक्ष श्री बजरंग गोयल सहित समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा कर निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
1.हाई-टेक निगरानी (सीसीटीवी व ड्रोन) - मंदिर परिसर और संपूर्ण मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मी एवं होमगार्ड्स तैनात रहेंगे। पूरे क्षेत्र की सतत निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसी टीवी नेटवर्क के माध्यम से की जाएगी।
2. सुगम दर्शन एवं क्राउड मैनेजमेंट - श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग लेन, बैरिकेडिंग, गाइडिंग बोर्ड्स और सुरक्षा वॉलंटियर्स की तैनाती की गई है। व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रवेश और निकास मार्गों को वन-वे ( एकतरफा ) रखा गया है। साथ ही पार्किंग स्थान पर साउंड व्यवस्था भी की जाए।
3.सुचारू यातायात व पार्किंग - वाहनों के आवागमन हेतु मंदिर परिसर से दूर सुरक्षित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। यातायात नियंत्रण के लिए बायपास मार्ग सक्रिय रहेंगे तथा पर्व की अवधि में भारी वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा।
4.आपातकालीन निकासी योजना - किसी भी अप्रिय स्थिति या आपातकाल से निपटने के लिए वैकल्पिक निकासी मार्ग चिन्हित किए गए हैं।
5.नागरिक एवं स्वास्थ्य सुविधाएं - श्रद्धालुओं हेतु स्वच्छ पेयजल, चलित शौचालय, 24X7 चिकित्सा शिविर, कंट्रोल रूम और जन-सूचना प्रणाली की व्यवस्था की गई है। स्वच्छता हेतु नगरीय निकाय की विशेष टीमें तैनात रहेंगी।
इस निरीक्षण एवं बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री धीरज बब्बर, श्री आकाश यादव डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम राजपुर श्री कुमार शानु देवडिया, श्री अजय वाघमारे एसडीओपी सेंधवा, तहसीलदार राजपुर श्री गणपतसिंह डावर एवं थाना प्रभारी नागलवाड़ी श्री राम कुमार पाटिल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
#JansamparkMP
#Badwani