14 अगस्त तक प्रवेश का सुनहरा अवसर
------
शासकीय पॉलीटेक्निक बड़वानी में सीएलसी काउंसलिंग जारी
बड़वानी 03 अगस्त 2026/ शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया 14 अगस्त तक जारी है।
शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी प्राचार्य श्री कमलेश गुप्ता के मार्गदर्शन में महाविद्यालय द्वारा व्यापक जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, विद्यार्थियों के बढ़ते उत्साह एवं विश्वास के परिणाम स्वरूप सिविल इंजीनियरिंग शाखा की सभी सीटें पूर्णतः भर चुकी हैं, जबकि कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग शाखा में अब कुछ ही सीटें शेष हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक विद्यार्थियों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र प्रवेश सुनिश्चित करने तथा सीएलसी काउंसलिंग का लाभ उठाने की अपील की है।
प्राचार्य के निर्देशन में महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तथा आसपास के कस्बों में पहुँचकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को तकनीकी शिक्षा, रोजगार की संभावनाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की उपयोगिता से अवगत करा रहा है। महाविद्यालय के काउंसलिंग नोडल अधिकारी श्री तानीलाल ठाकुर एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री संजय परमार ने विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीयन, विकल्प भरने तथा दस्तावेजों से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे प्रवेश प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो रही है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क प्रवेश सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। जिसमे श्री देवेंद्र राठौर के द्वारा ऑनलाइन पंजीयन, चॉइस फिलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्णतः निःशुल्क किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही सोशल मीडिया, व्हाट्सएप समूह, प्रचार सामग्री एवं व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से भी प्रवेश संबंधी जानकारी लगातार विद्यार्थियों तक पहुँचाई जा रही है।
महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण इस वर्ष का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम भी है।सत्र 2025-26 के अंतिम वर्ष का परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। उत्कृष्ट परिणाम एवं गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के कारण विद्यार्थियों का महाविद्यालय के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जिसका प्रत्यक्ष प्रभाव इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में देखने को मिल रहा है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) के माध्यम से प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित है। सीएलसी के अंतर्गत प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवारको प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इच्छुक विद्यार्थी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय पहुँचकर निःशुल्क प्रवेश सहायता केंद्र की मदद से प्रवेश की समस्त औपचारिकताएँ पूर्ण कर सकते हैं।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते प्रवेश सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुभवी प्राध्यापकों का मार्गदर्शन, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सभी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। उन्होंने विशेष रूप से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग शाखा की शेष सीटों पर शीघ्र प्रवेश लेने का आग्रह किया।