मऊ में IMA का जागरूकता कार्यक्रम: डॉक्टरों ने सिखाई CPR तकनीक, सांप-कुत्ते के काटने पर बचाव की दी जानकारी
#Mau #IMA #CPRTraining #HealthAwareness #MedicalAwareness #LifeSavingSkills #MauNews
मऊ। दिनांक 3 जून 2026 को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) मऊ द्वारा आजमगढ़ मोड़, शहादतपुरा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला महिला चिकित्सालय मऊ के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीलेश कुमार श्रीवास्तव ने सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) अर्थात जीवन बचाने की तकनीक के बारे में जानकारी दी तथा इसका व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। उन्होंने बताया कि सीपीआर की सही जानकारी और उसका सही तरीके से उपयोग किसी दुर्घटना या अचानक हृदय गति रुकने की स्थिति में लोगों की जान बचा सकता है।
IMA मऊ के संयुक्त सचिव डॉ. अनिल कुमार ने लोगों को सरल भाषा में कुत्ते, सांप और बिच्छू के काटने पर किए जाने वाले प्राथमिक उपचार तथा आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने से होने वाली रेबीज बीमारी अत्यंत घातक होती है, इसलिए समय पर टीकाकरण कराना बेहद जरूरी है।
उन्होंने यह भी बताया कि सांप या बिच्छू के काटने पर टोने-टोटके और झाड़-फूंक में समय बर्बाद करना मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लेना चाहिए।
IMA मऊ की उपाध्यक्ष एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कंचन लता आजाद ने बताया कि हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु हृदय गति रुकने के कारण हो जाती है। इनमें से अधिकांश मरीज अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। यदि ऐसे लोगों को समय पर और सही तरीके से सीपीआर मिल जाए तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
IMA मऊ के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
IMA मऊ के सचिव डॉ. आर.के. अग्रवाल ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, जिससे लोगों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़े और आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की जानकारी आमजन तक पहुंच सके।