जसरा की गौशाला में गड्ढे में मिले मृत गोवंश, दुर्गंध से ग्रामीण परेशान
ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल, कार्रवाई न होने पर धरने की चेतावनी
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज। विकासखंड जसरा के अंतर्गत रेरा गांव में संचालित गौशाला की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि गौशाला परिसर में बने एक गड्ढे में करीब 12 गोवंश मृत अवस्था में पड़े मिले, जिनके शव सड़ने की स्थिति में हैं। ग्रामीणों द्वारा गौशाला के अंदर जाकर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक मृत गोवंश के शवों से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि बदबू के चलते बस्ती के लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने गौशाला की साफ-सफाई और मृत गोवंश के शवों के उचित निस्तारण की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर मृत गोवंश के शवों को नियमानुसार हटाने, गौशाला की साफ-सफाई कराने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे गौशाला के बाहर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत के बाद जिम्मेदार विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
Bara, Allahabad | Sep 24, 2026